अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2026 का होगा भव्य आयोजन

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा)18नवंबर,2026

अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2026 इस बार और भी भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित होगा। महोत्सव के इतिहास में पहली बार गीता की जन्मस्थली ज्योतिसर तीर्थ पर भी भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अब तक मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में ही होते रहे हैं।

हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने सोमवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि महोत्सव 5 से 25 दिसंबर तक आयोजित होगा, जबकि मुख्य आयोजन 14 से 20 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर और ज्योतिसर दोनों स्थानों पर होंगे।

इन सात दिनों में हरियाणा पवेलियन, सरस मेला, शिल्प मेला, गीता सेमिनार, सांस्कृतिक संध्याएं, लाइट एंड साउंड शो और भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इस बार पश्चिम बंगाल को पार्टनर स्टेट बनाया गया है।

सांस्कृतिक मंचों पर देश के प्रसिद्ध सूफी गायक, बॉलीवुड गायक, हरियाणवी लोक कलाकार और विदेशी सांस्कृतिक दल गीता की थीम पर आधारित भजन, नृत्य-नाटिकाओं की प्रस्तुति देंगे। महोत्सव में गीता के 18 अध्यायों पर आधारित 18 भव्य द्वार बनाए जाएंगे।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि ज्योतिसर तीर्थ पर विशेष लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और पार्किंग के प्रबंध किए जा रहे हैं। ज्योतिसर के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण ब्रह्मसरोवर पर लगी एलईडी स्क्रीन पर भी किया जाएगा।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *