(देहरादून )18नवंबर,2026
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में आयोजित एकादश दीक्षांत समारोह में शिक्षा के नए संकल्प का उत्सव देखने को मिला। समारोह में प्रदेश के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य समारोह में कुल 14,857 शिक्षार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की गईं। इस बार विश्वविद्यालय ने पर्यावरण अनुकूल पहल करते हुए सभी डिग्रियां डिजिलॉकर प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराईं। मेधावी छात्रों के सम्मान क्रम में 36 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया, वहीं 8 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।
समारोह का मुख्य आकर्षण मानद उपाधि वितरण रहा, जिसमें देश के जाने-माने प्रशासक, पूर्व रेलवे बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी लोहनी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में NAAC के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव ने दीक्षांत भाषण दिया और दूरस्थ शिक्षा को भविष्य की शिक्षा बताया।
इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थी जीवन में नए अवसरों का प्रतीक है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त उत्तराखंड का सपना शिक्षा से ही साकार होगा।(साभार एजेंसी)


