NSG-UP पुलिस की संयुक्त ट्रेनिंग का आयोजन

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)18नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को राजधानी लखनऊ के रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान NSG के दक्ष कमांडोज ने मॉक ड्रिल कर आतंकी घटनाओं से निपटने का जीवंत प्रदर्शन किया। उन्होंने अदम्य साहस, सामरिक कुशलता और त्वरित रिस्पांस के साथ आतंकियों को निष्क्रिय करने, बंधक संकट से मुक्त कराने, बम निरोधक कार्रवाई और वीआईपी सुरक्षा के अभ्यास को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। वर्टिकल एनवेलपमेंट तकनीक और विस्फोट के दौरान सुरक्षित निकासी का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान NSG की K9 यूनिट के एक्सप्लोसिव डिटेक्शन डॉग ‘डॉनी’ ने मुख्यमंत्री को फूलों की टोकरी देकर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह संयुक्त प्रशिक्षण आतंकवाद, विमान अपहरण, ड्रोन खतरे जैसी आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में दोनों बलों के बीच समन्वय और ऑपरेशनल क्षमता को नई धार देगा। यह एक महीने तक चलेगा, जिसमें NSG के विशेषज्ञ 13 विधाओं में यूपी पुलिस और एटीएस के चयनित जवानों को प्रशिक्षित करेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगों की आग से निकलकर कानून के राज का प्रतीक बन गया है। एटीएस की 21 फील्ड यूनिट कार्यरत हैं, 10 नई यूनिट बन रही हैं, साइबर थाने सभी 75 जिलों में स्थापित हो चुके हैं और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

इस मौके पर NSG के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन, आईजी ऑपरेशंस मेजर जनरल मुकेश कुमार भनवाला और एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *