(लखनऊ, UP) 07 नवंबर, 2026
लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट का सबसे अहम हिस्सा माना जा रहा डालीगंज फ्लाईओवर पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। दीपावली के बाद इसे आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि 23 नवंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका लोकार्पण करेंगे। फ्लाईओवर के शुरू होने से डालीगंज से पक्का पुल तक का सफर सिर्फ दो मिनट में पूरा हो जाएगा, जिससे पुराने लखनऊ के लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
इस फ्लाईओवर के चालू होने के बाद बसंतकुंज से गोमतीनगर स्थित समतामूलक चौराहे तक का लगभग 12 किलोमीटर का रास्ता 20 मिनट से भी कम समय में तय किया जा सकेगा। ग्रीन कॉरिडोर को डालीगंज से पक्का पुल तक कनेक्ट करने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास और डालीगंज चौराहे के ऊपर 1.1 किलोमीटर लंबा दो लेन का फ्लाईओवर बनाया गया है, जिसकी ऊंचाई जमीन से करीब 25 मीटर है।
फ्लाईओवर का स्ट्रक्चर तैयार होने के साथ ही सड़क पर डामरीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। इसके शुरू होते ही पक्का पुल से समतामूलक चौराहे तक ग्रीन कॉरिडोर पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह निर्बाध हो जाएगी।
10 लाख लोगों को होगा सीधा फायदा
गोमती नदी के किनारे करीब 28 किलोमीटर तक बनाए जा रहे ग्रीन कॉरिडोर का यह हिस्सा पुराने लखनऊ के लिए बेहद अहम है। इससे करीब 10 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलने का अनुमान है। फिलहाल समतामूलक चौराहे से डालीगंज और बसंतकुंज से पक्का पुल तक ग्रीन कॉरिडोर पर गाड़ियों की आवाजाही जारी है। फ्लाईओवर के निर्माण के कारण पक्का पुल से डालीगंज के बीच का हिस्सा बंद रखा गया था।
इस फ्लाईओवर के खुलने से आईआईएम रोड से गोमतीनगर तक बिना जाम के सफर करना आसान हो जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, इस फ्लाईओवर के शुरू होने से बड़ी आबादी को जाम से छुटकारा मिलेगा और लोग बसंतकुंज से समतामूलक चौराहे तक पूरे ग्रीन कॉरिडोर पर आसानी से आवाजाही कर सकेंगे।(साभार एजेंसी)


