(देहरादून)25जुलाई2026
उत्तराखंड के युवाओं को डिजिटल मंच के माध्यम से जोड़ने, उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा राज्य की संस्कृति, पर्यटन और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा राज्य युवा महोत्सव के अंतर्गत “डिजिटल यूथ फेस्टिवल” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 27 जुलाई से शुरू होकर चार सप्ताह तक चलेगा।
महोत्सव के दौरान प्रत्येक सप्ताह एक फिटनेस चैलेंज और एक सांस्कृतिक अथवा रचनात्मक चैलेंज आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों का डिजिटल माध्यम से प्रचार-प्रसार करना तथा उनकी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा व्यक्तिगत या टीम के रूप में भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए Fit Uttarakhand App पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। इसी ऐप के माध्यम से प्रतिभागी अपनी वीडियो, रील और अन्य प्रविष्टियां अपलोड कर सकेंगे। प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी, लीडरबोर्ड और डिजिटल प्रमाण-पत्र भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे।
चार सप्ताह तक चलने वाले इस महोत्सव में सूर्य नमस्कार, पुश-अप, स्क्वाट और स्किपिंग जैसे फिटनेस चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। वहीं उत्तराखंड की संस्कृति, लोक परंपराओं, पर्यटन स्थलों, फोटोग्राफी और स्थानीय पहचान से जुड़े रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
प्रतियोगिता की प्रविष्टियों का मूल्यांकन प्रत्येक जिले में गठित जिला स्तरीय समिति करेगी। फिटनेस और सांस्कृतिक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य युवा महोत्सव के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रविष्टियों को विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रदर्शित किया जाएगा।
युवा कल्याण विभाग ने प्रदेश के सभी युवाओं से इस डिजिटल अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा है कि यह कार्यक्रम केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की फिटनेस, नवाचार, संस्कृति और सकारात्मक डिजिटल सहभागिता को बढ़ावा देने का एक व्यापक अभियान है। इच्छुक प्रतिभागी Fit Uttarakhand App डाउनलोड कर पंजीकरण कर सकते हैं।(साभार एजेंसी)
