भराड़ीसैंण (गैरसैंण)27 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आज से भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। इसके साथ ही राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है, जब पहली बार एक ही साल में दो विधानसभा सत्र आयोजित हो रहे हैं। इससे पहले इसी साल मार्च में यहां बजट सत्र आयोजित किया गया था।
गैरसैंण में विधानसभा सत्रों की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी। तब यहां पहली बार तीन दिवसीय सत्र आयोजित किया गया था। इसके बाद 2015 और 2016 में दो-दो दिन, 2017 में दो दिन और 2018 में छह दिन तक सत्र चला। वर्ष 2019 में यहां कोई सत्र नहीं हो सका, जबकि 2020 में पांच दिवसीय और 2021 में एक से छह मार्च तक छह दिवसीय बजट सत्र आयोजित हुआ।
2022 में गैरसैंण में सत्र नहीं हुआ, लेकिन 2023 में चार दिन, 2024 में तीन दिन और 2025 में बजट और मानसून दो सत्र आयोजित किए गए। अब 2026 में यह दूसरा सत्र आयोजित हो रहा है, जो गैरसैंण की बढ़ती विधायी भूमिका को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गैरसैंण उत्तराखंड की जनभावनाओं और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि ग्रीष्मकालीन राजधानी में सत्रों के आयोजन से पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं, जनअपेक्षाओं और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता मिले। गैरसैंण को सशक्त बनाना और पर्वतीय क्षेत्रों का संतुलित विकास उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है।(साभार सू वि)


