(देहरादून )27अक्टूबर 2026
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में 15वीं उत्तराखंड राज्य स्तरीय आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता-2026 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिम्नास्टिक फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में जिम्नास्टिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में प्रदेश भर से बालक एवं बालिका वर्ग के कुल 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। विभिन्न स्कूलों और अकादमियों के खिलाड़ियों ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
टीम स्पर्धा में बालिका वर्ग की ट्रॉफी दून जिम्नास्टिक अकादमी ने जीती, जबकि बालक वर्ग में सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी विजेता रहा। ओवरऑल टीम चैंपियनशिप का खिताब शेरवुड कॉलेज नैनीताल के नाम रहा।
व्यक्तिगत प्रदर्शन में समृद्धि शर्मा ने सब-जूनियर कैटेगरी में 3 स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान खींचा, वहीं मिनी-2 कैटेगरी में शनाया सुधांशु ने भी 3 स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद चौधरी ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में जिम्नास्टिक को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।(साभार सू वि)


