मुख्यमंत्री धामी ने अल्मोड़ा में किया योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

Uttarakhand News

(देहरादून)28अक्टूबर,2025.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अल्मोड़ा जनपद स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल जागेश्वर धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 76.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एवं स्वीकृत छह विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

लोकार्पण की गई योजनाओं में दन्या से आरा सल्पड़ मोटर मार्ग का सुधारीकरण, चायखान से थुआसिमल मोटर मार्ग का सुधार कार्य तथा सत्यों में 33/11 केवी उप संस्थान का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राजकीय पॉलीटेक्निक सल्ट और दन्या में अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों तथा राजकीय पॉलीटेक्निक द्वाराहाट में मैकेनिकल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने जागेश्वर धाम परिसर का पैदल भ्रमण और निरीक्षण करते हुए जागेश्वर धाम मास्टरप्लान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर हमारी आस्था और विश्वास का केंद्र है, इसे दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धाम की आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए कि कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और सड़कों की स्थिति पर विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वृद्ध जागेश्वर को भी समान रूप से विकसित किया जाए, क्योंकि दोनों स्थलों का पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व अत्यंत गहरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि जागेश्वर धाम केवल आध्यात्मिक ही नहीं बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनेगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *