सीएम योगी का जनता दर्शन,सुनीं शिकायतें, बोले-हर पीड़ित को मिलेगा न्याय

Uttar Pradesh

(गोरखपुर,UP)09नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगे जनता दर्शन में 125 लोगों की फरियाद सुनी। मुख्यमंत्री ने खुद चलकर एक-एक फरियादी के पास पहुंचकर उनकी समस्याएं जानीं और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराइए मत, सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित कराएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ताकीद करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखें। जो भी शिकायतें आ रही हैं, उन पर तेजी से कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक समाधान कराया जाए। उन्होंने साफ कहा कि समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और निष्पक्ष रूप से होना चाहिए, जिससे किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

फरियादियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री

रविवार को दिवाली के अवसर पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। यहां फरियादियों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। मुख्यमंत्री स्वयं उनके बीच पहुंचे और एक-एक करके सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर मौके पर उपस्थित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

अलग-अलग प्रकरणों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजे। उन्होंने निर्देश दिया कि हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई हो और पीड़ित को समाधान से संतुष्ट किया जाए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को दिया भरोसा

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी का भी इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंद मरीजों के बेहतर इलाज के लिए शीघ्र इस्टीमेट तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से इलाज के लिए धनराशि मुहैया करा दी जाएगी।

बच्चों को दुलारा, चॉकलेट देकर किया प्यार

जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी आई थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी दी और उनकी कुशलक्षेम पूछी, जिससे वहां मौजूद बच्चों के चेहरे खिल उठे। (साभार एजेंसी

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *