उत्तराखण्ड के 26वें स्थापना दिवस पर सीएम धामी ने शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि

Uttarakhand News

(देहरादून)09 नवंबर 2026

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शहीदों के संघर्ष, त्याग और अतुलनीय बलिदान को नमन करते हुए कहा कि प्रदेश उनके बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। शहीदों ने जिस विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का सपना देखा था, उसे पूरा करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है और यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड आज स्थापना के 26वें वर्ष में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इन 25 वर्षों में प्रदेश ने तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन तथा केन्द्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।

इस गरिमामय अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास जी सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *