सीएम धामी ने विकास पुस्तिका 2026 का किया विमोचन

Uttarakhand News

(देहरादून )09 नवंबर 2026.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विकास पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। यह पुस्तिका जनता के सामने सरकार के कार्यों का हिसाब प्रस्तुत करने के साथ ही भविष्य की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है।

उन्होंने राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया। कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है और इसके निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ, और आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ सिर्फ योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिक के जीवन में दिखना चाहिए। गांव तक सड़क पहुंचने से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलती है, स्कूलों में अच्छी सुविधा से बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने से पलायन की समस्या का समाधान होता है। सरकार का उद्देश्य लोगों की कठिनाइयों को कम करना और हर परिवार का भविष्य बेहतर बनाना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के विकास को नई गति दे रही हैं। हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जिससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है। हर जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य पर कार्य हो रहा है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर के विकास से स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जी-20 बैठकों के सफल आयोजन से उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान मिली है, जबकि 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है। मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास से पर्यटन को पूरे साल रोजगार और आजीविका से जोड़ने के प्रयास हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि पर्यटन का लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन मिला है और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये है, जबकि 2026-27 का बजट 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार का प्रयास है कि बढ़ती आर्थिक क्षमता का लाभ किसानों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सरकार गांवों में बेहतर सुविधाएं और आजीविका के अवसर विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि युवाओं को अपने गांव में ही आगे बढ़ने के अवसर मिलें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जैसे निर्णय राज्य और नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष देती हैं, लेकिन जिम्मेदारियां और अधिक कार्य करने की प्रेरणा देती हैं। हर गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के नए अवसर विकसित करने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। अंत में उन्होंने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के साथ राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री गणेश जोशी एवं श्री खजान दास, विधायक श्री विनोद चमोली एवं श्रीमती सविता कपूर, महापौर श्री सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सूचना श्री शैलेश बगौली, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह बिष्ट, सचिव श्री विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *