(देहरादून)28अक्टूबर,2025.
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में नंदा देवी राजजात यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे निर्माण एवं व्यवस्था संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शासन से स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग के सभी पड़ाव स्थलों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक पड़ाव की विस्तृत प्लानिंग मैप पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
निर्जन क्षेत्रों में यात्रा संचालन को सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी ने हेलीपैड, मोबाइल नेटवर्क, शेल्टर होम, भोजन एवं पेयजल जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। इस संबंध में डीएफओ को त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि निर्जन पड़ावों में अधिक से अधिक सैटेलाइट फोन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सूचना आदान-प्रदान हो सके।
स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को विशेषज्ञ डॉक्टरों की अग्रिम मांग तैयार करने और चिकित्सा शिविर लगाकर यात्रियों को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा डीएलपी अवधि में आने वाली सड़कों की मरम्मत कार्य संबंधित ठेकेदारों से अविलंब करवाने को कहा गया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के कार्यों में ओवरलैप की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नंदा देवी राजजात यात्रा आस्था, संस्कृति और गौरव की यात्रा है, जिसे सफल और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ सर्वेश दुबे, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम सोहन सिंह रांगण, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, जनप्रतिनिधि दलबीर दानू, ब्लॉक प्रमुख देवाल तेजपाल रावत सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
