मुख्यमंत्री भजनलाल ने फिट इंडिया को बताया फिट राजस्थान का मूल मंत्र

Rajsthan

(जयपुर,राजस्थान)14नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने आज सुबह जयपुर स्थित जवाहर सर्किल में प्रातः भ्रमण कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया। मॉर्निंग वॉक पर आए युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों से उन्होंने आत्मीयता से बातचीत की और उनके दैनिक जीवन व स्वास्थ्य के बारे में जाना। इसी दौरान पार्क में स्केटिंग कर रहे बच्चों का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री उनके पास पहुंचे, उनका उत्साहवर्धन किया और निरंतर अभ्यास करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसी भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री की मुलाकात उनके कुछ पुराने साथियों से हो गई, जो पहले उनके साथ नियमित रूप से प्रातः भ्रमण किया करते थे। बरसों बाद पुराने मित्रों से मिलकर मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर की और उनके साथ कुछ देर टहलते हुए पुरानी यादों को ताजा किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने फिट इंडिया मूवमेंट के जरिए देशवासियों को स्वस्थ रहने की प्रेरणा दी है। हमें उनके इस संदेश को आत्मसात करते हुए योग, व्यायाम और खेलकूद को अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से नियमित रूप से स्वास्थ्य का ध्यान रखने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच से ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। आइए, हम सभी स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर फिट राजस्थान के संकल्प को साकार करने में अपनी भागीदारी निभाएं। इस दौरान उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा जी भी उनके साथ मौजूद रहे।(साभार सोशल मीडिया)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *