(लखनऊ,UP)14नवंबर,2026
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में लखनऊ में ‘धरोहर’ नामक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए । उन्होंने कलाकारों का सम्मान कर उनका मनोबल बढ़ाया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज मंच पर जिन बच्चों ने लुप्तप्राय वाद्ययंत्रों की सुमधुर प्रस्तुति दी है, उन्हें देखकर मन को यह संतोष मिलता है कि हमारी संस्कृति का भविष्य उज्ज्वल है। नई पीढ़ी जब अपनी विरासत को अपनाती है, तो परंपरा स्वयं ही अमर हो जाती है।
उन्होंने कहा कि आज का भारत दुनिया में केवल एक मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में ही नहीं, बल्कि अपनी प्राचीन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण भी जाना जा रहा है। हजारों वर्षों की हमारी यह धरोहर ही विश्व में हमें विशिष्ट पहचान दिलाती है।
मुख्यमंत्री जी ने अकादमी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था लंबे समय से प्रदेश की लोक-कला, संगीत और नाटक से जुड़े कलाकारों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। सरकार का संकल्प है कि विलुप्त होने की कगार पर खड़ी कलाओं को सहेजा जाए और कलाकारों को पूरा सम्मान दिया जाए।(साभार सोशल मीडिया)


