77 उम्मीदवार,राजस्थान निकाय चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित

Rajsthan

(जयपुर,राजस्थान)07सितंबर,2026

राजस्थान में होने वाले शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में 77 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें 37 महिलाएं शामिल हैं। निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों में 44 सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा, 16 पर कांग्रेस और 17 पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।

निर्विरोध जीतने वाली महिलाओं में चार सबसे कम उम्र की उम्मीदवार भी शामिल हैं। सीकर की रामगढ़ शेखावाटी नगर पालिका से कांग्रेस की सोफिया (22) सबसे कम उम्र की विजेता हैं। इसके बाद नागौर जिले की बसानी नगर पालिका से कांग्रेस की मोना बानो (23) और डीग जिले की पहाड़ी नगर पालिका से भाजपा की पिंकी कुमारी (24) शामिल हैं। शहरी स्थानीय निकायों की बाकी 232 सीटों के लिए 9 और 11 सितंबर को चुनाव होंगे। राजधानी जयपुर में किसी भी उम्मीदवार को निर्विरोध जीत नहीं मिली। जयपुर के 150 वार्डों में सभी सीटों पर मुकाबला होगा।

डीग में सबसे ज्यादा 10 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। इसके बाद चित्तौड़गढ़ में छह और सीकर में पांच उम्मीदवार निर्विरोध जीते हैं। अलवर, झुंझुनू, जोधपुर और खैरथल-तिजारा में चार-चार, जबकि भरतपुर, बीकानेर, जयपुर जिले, धौलपुर और जालौर में तीन-तीन उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं।

निर्विरोध जीत में भाजपा की हिस्सेदारी करीब 56.4 प्रतिशत रही। कांग्रेस की हिस्सेदारी 20.5 प्रतिशत और निर्दलीय उम्मीदवारों की 23.1 प्रतिशत रही। डीग में निर्विरोध चुने गए 10 उम्मीदवारों में सात निर्दलीय हैं। चित्तौड़गढ़ की सभी छह सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। जोधपुर के बिलाड़ा में भी चारों निर्विरोध उम्मीदवार भाजपा के हैं।

जालोर, डूंगरपुर, झुंझुनू, पाली और राजसमंद में भी भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। कांग्रेस के 16 उम्मीदवार बूंदी, दौसा, धौलपुर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, झालावाड़, झुंझुनू और कोटा सहित विभिन्न क्षेत्रों से निर्विरोध चुने गए हैं।

भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनू और करौली समेत अन्य स्थानों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत दर्ज की।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *