(लखनऊ,UP)15नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी आज लखनऊ स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित गोमती उत्सव-2026 के समापन समारोह में शामिल हुए। इस गरिमामय समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाशाली विभूतियों को ‘गोमती गौरव सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोमती नदी लखनऊ की आत्मा और जीवनरेखा है। हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक मान्यताओं में इसे आदि गंगा के रूप में मान्यता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि दुनिया में जितनी भी सभ्यताएं और संस्कृतियां विकसित हुई हैं, उनका विकास किसी न किसी नदी के तट पर ही हुआ है, और लखनऊ का समग्र विकास भी गोमती की गोद में ही हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गोमती नदी के गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नदी की स्वच्छता और अविरल धारा के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुंदर गोमती मिले। उन्होंने कहा कि गोमती उत्सव जैसे कार्यक्रम नदी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हमारी युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से परिचित कराते हैं।(साभार सोशल मीडिया)


