शूटर विवान का कमाल,वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल

Rajsthan

(जयपुर,राजस्थान)13नवंबर,2026

जयपुर के बेटे और युवा निशानेबाज विवान कपूर ने वर्ल्ड स्टेज पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोहा में चल रही आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में विवान ने मेंस ट्रैप इवेंट में सिल्वर मेडल पर निशाना साधा है और जयपुर सहित पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इस मेडल के साथ ही विवान ने लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलिंपिक 2028 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

जानकारी के अनुसार विवान ने फाइनल मुकाबले में 30 में से 29 क्ले टारगेट पर सटीक निशाना लगाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। मेडल जीतने के बाद विवान ने कहा कि यह उनकी वर्षों की मेहनत और भगवान के आशीर्वाद का नतीजा है।

24 साल के विवान का फाइनल में कड़ा मुकाबला कुवैत के अनुभवी शूटर अब्दुलरहमान अलफैहान से हुआ। दोनों का स्कोर 29-29 से बराबर रहा, जिसके कारण विजेता का फैसला शूटऑफ में करना पड़ा। शूटऑफ के तीसरे प्रयास में विवान निशाना चूक गए और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा, जबकि इस वर्ग में चीन के क्यू यिंग को ब्रॉन्ज मेडल मिला।

विवान की यह जीत ऐतिहासिक है। वह ट्रैप स्पर्धा में वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाले चौथे भारतीय पुरुष निशानेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि करणी सिंह, मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू के नाम थी। विवान जयपुर के जगतपुरा में स्थित ओएसिस शूटिंग रेंज में प्रशिक्षण लेते हैं और उनके निजी कोच मनशेर सिंह हैं।

गौरतलब है कि विवान इससे पहले भी कई कीर्तिमान बना चुके हैं। उन्होंने ट्रैप शूटिंग ट्रायल्स में पहली रैंक हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया था, वह भी जूनियर वर्ग में। इसके अलावा दोहा में हुई एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में विवान और मानवादित्य सिंह की जोड़ी ने गोल्ड मेडल जीता था। जूनियर वर्ल्ड कप और वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल्स में भी विवान ने शीर्ष स्थान हासिल किया था।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *