(नई दिल्ली )15नवंबर,2026
भारतीय बैडमिंटन के स्टार खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने रविवार को गजब का जज्बा दिखाते हुए जापान के कोकी वातानाबे को शिकस्त देकर जापान मास्टर्स में मेंस सिंगल्स का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल में पहला गेम हारने के बाद लक्ष्य ने शानदार वापसी की और अगले दोनों गेम अपने नाम करते हुए 13-21, 21-18, 21-14 से यह रोमांचक मुकाबला जीत लिया।
लक्ष्य ने इस जीत से कुछ दिन पहले ही हायलो ओपन का खिताब भी जीता था। लगातार दो खिताब जीतकर उन्होंने साफ संकेत दे दिया है कि वह फिर से अपनी बेहतरीन फॉर्म में लौट चुके हैं और उन्होंने वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप और एशियन गेम्स के निराशाजनक दौर को अब पूरी तरह पीछे छोड़ दिया है।
वातानाबे ने बनाई थी बढ़त, लक्ष्य ने पलटा मैच
पहले गेम में वातानाबे ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और लक्ष्य के खिलाफ शुरू से ही बड़ी लीड हासिल कर ली। उन्होंने इस बढ़त को अंत तक बरकरार रखा और 21-13 से पहला गेम अपने नाम कर लिया। लेकिन दूसरे गेम में लक्ष्य ने रणनीति बदली और अपने तेज क्रॉस कोर्ट स्मैश से वातानाबे को परेशान करना शुरू कर दिया। लक्ष्य इस गेम में बिल्कुल अलग लय में दिखे और 21-18 से गेम जीतकर मुकाबले में वापसी कर ली।
तीसरे और निर्णायक गेम में वातानाबे थकान से जूझते नजर आए और लक्ष्य ने इस मौके को पूरी तरह भुनाया। लक्ष्य ने कोर्ट की पूरी लंबाई और चौड़ाई का बखूबी इस्तेमाल किया और वातानाबे को लगातार दबाव में रखा। उन्होंने अटैक के साथ-साथ डिफेंस में भी कमाल का खेल दिखाया और जीत को अपने नाम कर लिया।
खिताब जीतने के बाद बोले लक्ष्य – बेहद खुश हूं
मैच जीतने के बाद लक्ष्य ने कहा कि वह पिछले साल इस टूर्नामेंट में खिताब नहीं जीत पाए थे और इस बार उस कमी को पूरा कर वह बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, “मैं यहां खिताब जीतकर काफी खुश महसूस कर रहा हूं। पिछले साल मैं सेमीफाइनल तक पहुंचा था, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सका था। इस बार मैंने पिछले साल से बेहतर किया है। यह मेरा लगातार दूसरा खिताब है। इसलिए मैं बेहद खुश महसूस कर रहा हूं।”(साभार एजेंसी)


