मत्स्य क्रांति की तैयारी,हर जिले के जल निकायों में 2 लाख मछली बीज का संचयन

Hariyana Haryana

(चंडीगढ़,हरियाणा )23नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक जिले की जलभराव वाली भूमि और उपयुक्त जल निकायों में 2-2 लाख मछली बीज का संचयन करेगी। इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य मछली उत्पादन को बढ़ाना, जलीय जैव विविधता को संरक्षित करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

हरियाणा राज्य के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि इस पहल से मछली उत्पादन में वृद्धि के साथ जलीय जैव विविधता का संरक्षण होगा और स्थानीय मछुआरों व उद्यमियों के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि जलभराव वाली बेकार पड़ी भूमि भी किसानों और मछुआरों के लिए आमदनी का साधन बने।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 49,034 एकड़ जलक्षेत्र में मछली पालन के माध्यम से 1.47 लाख मीट्रिक टन मछली उत्पादन किया जा चुका है। यह आंकड़ा हरियाणा को मत्स्य पालन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ते राज्य के रूप में स्थापित करता है। सरकार का लक्ष्य इस उत्पादन को और बढ़ाकर किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में काम करना है।

श्याम सिंह राणा ने कहा कि मछली बीज संचयन से न केवल तालाबों, झीलों और जल निकायों की पारिस्थितिकी सुधरेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को स्वरोजगार के अवसर भी मिलेंगे। मत्स्य विभाग द्वारा बीज की गुणवत्ता, संचयन की प्रक्रिया और निगरानी की पूरी व्यवस्था की जाएगी, ताकि इसका अधिकतम लाभ मछुआरा समुदाय को मिल सके।

सरकार का मानना है कि यह योजना जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगी और हरियाणा को मत्स्य उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगी।(साभार सोशल मीडिया)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *