मुख्यमंत्री सैनी ने पठानकोट में आरोग्य केंद्र का किया लोकार्पण

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा)14नवंबर,2026

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज पंजाब के पठानकोट में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए भारत विकास परिषद, उत्तर क्षेत्र-1 के नवनिर्मित आरोग्य केंद्र एवं क्षेत्रीय कार्यालय का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधारोपण किया और भारत विकास परिषद के सदस्यों तथा उपस्थित गणमान्यजनों के साथ आत्मीय संवाद कर उनके सेवा कार्यों की जानकारी ली।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने हमेशा शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण पर जोर दिया था। भारत विकास परिषद संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के पांच सूत्रों के माध्यम से उसी महान भावना को आगे बढ़ाने का पुनीत कार्य कर रही है। परिषद समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मजबूत माध्यम बनी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति में नर सेवा को ही नारायण सेवा कहा गया है। समाज के प्रति समर्पण और सेवाभाव ही हमारी सांस्कृतिक विरासत की वास्तविक पहचान है। यही भाव हमें एक-दूसरे से जोड़ता है और राष्ट्र को सशक्त बनाता है।

उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन समाज में सेवा, संस्कार और सहयोग की भावना को सुदृढ़ कर रहे हैं। पठानकोट में आरोग्य केंद्र की स्थापना से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में परिषद की भूमिका और अधिक प्रभावी होगी तथा आमजन को इसका लाभ मिलेगा।(साभार सोशल मीडिया)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *