(लखनऊ,UP)11नवंबर 2026
स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश के शहरों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में लखनऊ देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों की सूची में शामिल हो गया है, जबकि वाराणसी ने नदी तटीय नगरों की श्रेणी में पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं गाजियाबाद प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर बनकर उभरा है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के शहरों की इस बड़ी उपलब्धि को नगरीय प्रबंधन में आए सकारात्मक बदलाव और सामूहिक प्रयासों का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के नगर स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।
मंत्री शर्मा ने कहा कि लखनऊ का देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में अपनी जगह बनाए रखना एक बड़ी उपलब्धि है। वहीं, धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी ने नदी तटीय शहरों की श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल कर पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। गाजियाबाद ने प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगर के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल शहरों का नहीं, बल्कि लाखों सफाई मित्रों, नगरीय निकायों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के अथक परिश्रम का परिणाम है। स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के निरंतर प्रयासों का ही यह नतीजा है कि प्रदेश के शहर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदेश सरकार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों और आधुनिक नगरीय सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दे रही है। इस सम्मान समारोह के अवसर पर राजधानी की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा और नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)


