(देहरादून )11नवंबर 2026
पेंशनरों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र (डीएलसी) के उपयोग को बढ़ावा देने और पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु राष्ट्रव्यापी डीएलसी अभियान-5 के तहत साइबर कोषागार, देहरादून द्वारा 30 नवंबर, 2026 तक एक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
साइबर कोषागार, देहरादून के मुख्य कोषाधिकारी बी.एन. पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर कोषागार, देहरादून से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों को सूचित किया जाता है कि जिन पेंशनरों को अपना डीएलसी जमा करने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आ रही है अथवा पेंशन से जुड़ी कोई अन्य परेशानी है, वे किसी भी कार्यदिवस में साइबर कोषागार, 23 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून में उपस्थित होकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए पेंशनरों को अपने साथ अपना जीआरडी नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और स्मार्टफोन लाना अनिवार्य होगा। साथ ही पेंशनर अपनी समस्याओं के निवारण के लिए साइबर कोषागार देहरादून में नामित शिकायत निवारण अधिकारी श्री परमीत सिंह (उपकोषाधिकारी) से मोबाइल नंबर 7500370037, 7590900090 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
मुख्य कोषाधिकारी ने सभी पेंशनरों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर अपने डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र एवं पेंशन से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान करा लें।(साभार सू वि)


