खेल महाकुम्भ में विजेता को सीएम ने किया सम्मानित

Uttarakhand News

(देहरादून) 01नवंबर,2026

मिनी स्टेडियम, ननूरखेड़ा , देहरादून में आयोजित खेल महाकुम्भ-2026 एवं मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन समारोह में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने विजेता जनपद देहरादून को चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की और http://meroyuva.in पोर्टल का विमोचन किया। समारोह में मलखम्ब और आर्टिस्टिक योग के आकर्षक प्रदर्शन ने सबका मन मोहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ खेल भूमि के रूप में भी पहचान बना रहा है। खेल महाकुम्भ की यात्रा 1 सितंबर को चम्पावत के टनकपुर से शुरू होकर न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र होते हुए राज्य स्तर तक पहुंची है।

उन्होंने बताया कि 2017 में शुरू हुए इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देना है। पिछले वर्ष 2 लाख 20 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया था, इस वर्ष संख्या बढ़कर 3 लाख 35 हजार से अधिक हो गई है, जो दर्शाता है कि यह जन-आंदोलन बन चुका है।

इस वर्ष मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 प्रतियोगिताएं प्रदेश की 662 न्याय पंचायतों, 70 विधानसभा और संसदीय स्तर पर हुईं। विजेता खिलाड़ियों को लगभग 11 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी से सीधे खातों में दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य स्तरीय पदक विजेता पात्र खिलाड़ियों को सीधी भर्ती में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के खेलो इंडिया, फिट इंडिया अभियानों से खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद नरेश बंसल, उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, कुंदन लटवाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *