अपनी ही पाठशाला में लौटे मुख्यमंत्री धामी

Uttarakhand News

(देहरादून )02नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा के नगला तराई स्थित मॉडल प्राथमिक विद्यालय का लोकार्पण किया। यह अवसर भावनात्मक रूप से भी विशेष रहा, क्योंकि इसी विद्यालय में मुख्यमंत्री ने कभी विद्यार्थी के रूप में कक्षा 2, 3 और 4 की शिक्षा प्राप्त की थी। विद्यालय के नए स्वरूप को देखकर उनकी बचपन की स्मृतियां ताजा हो गईं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला तराई में निर्मित मंच एवं परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने स्मार्ट क्लास एवं प्रयोगशाला का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों के साथ उन्होंने स्नेहपूर्ण पल बिताए और उन्हें चॉकलेट एवं उपहार वितरित किए, जिससे बच्चों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि निश्चित रूप से आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विद्यालय बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उनके ज्ञान, कौशल और प्रतिभा के विकास में सहायक सिद्ध होगा। (साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *