गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार में महासफाई

Uttarakhand News

(देहरादून)27 अक्टूबर 2026.

गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार नगर निगम ने स्वच्छता को लेकर बड़ा अभियान चलाया है। डाम कोठी के निकट स्थित मायापुर हेड रेगुलेटर पर नगर निगम ने महासफाई अभियान चलाकर करीब 8 टन कूड़ा-कचरा एकत्र किया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में करीब 60 सफाई कर्मचारियों की टीम ने दिनभर सफाई कर रेगुलेटर और उसके आसपास के क्षेत्र को कचरा मुक्त किया। एकत्र किए गए पूरे कूड़े को नगर निगम के वेस्ट प्लांट में भेजकर उसका निस्तारण किया गया।

अभियान की निगरानी मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार और पर्यावरण पर्यवेक्षक सलेख चंद ने की। उनके साथ नीरज, बलराम, दीपक, प्रदीप, विक्रांत सहित 60 कर्मचारी सफाई में जुटे रहे।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गंगा बंदी के दौरान सभी प्रमुख घाटों, रेगुलेटरों और तटवर्ती इलाकों में लगातार विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि घाटों की सुंदरता बनी रहे।

हालांकि, नगर निगम के सामने असली चुनौती अभी बाकी है। गंगा बंदी के बाद गंगा के तटों और घाटों पर अब भी हजारों टन कूड़ा-कचरा बिखरा पड़ा है। हर साल बंदी के दौरान नदी के तल में जमा सिल्ट के साथ पॉलीथीन, कपड़े और पूजा सामग्री का भारी कचरा बाहर आ जाता है। इसे हटाने के लिए व्यापक स्तर पर मशीनों और मैनपावर की जरूरत है। नगर निगम का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक यह महासफाई अभियान लगातार जारी रहेगा।(साभार एजेंसी/सोशल मीडिया)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *