(देहरादून)19सितंबर,2026
भारतीय सेना और जिला प्रशासन चमोली के संयुक्त तत्वावधान में ऑपरेशन सद्भावना के तहत 19 और 20 सितंबर को बद्रीनाथ स्थित टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। “हमारी विरासत, हमारा भविष्य विषय’ पर होने वाले महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ सीमांत पर्यटन और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
उक्त महोत्सव में गढ़वाली लोकनृत्य और लोकसंगीत के साथ विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। स्थानीय हस्तशिल्प, हथकरघा और जैविक उत्पादों के साथ पारंपरिक व्यंजन, महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल और स्थानीय उद्यमियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
भारतीय सेना की ओर से विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें राष्ट्र निर्माण, सीमाओं की सुरक्षा और आपदा राहत कार्यों में सेना की भूमिका प्रदर्शित की जाएगी। आयोजन के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों, स्थानीय उत्पादों के विपणन और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन को देखते हुए सेना और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, चिकित्सा, पार्किंग, स्वच्छता और यातायात समेत नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं, पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, कलाकारों और मीडिया प्रतिनिधियों से महोत्सव में सहभागिता की अपील की गई है।( साभार एजेंसी)
