(देहरादून)03नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठनों के सेवा और संस्कार से जुड़े प्रयास समाज की शक्ति को एकजुट करने और सभी को एक दिशा में प्रेरित करने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा में 20 छठ घाट बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट पर, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट पर और चंपावत के बनबसा में भी छठ पूजा के लिए घाटों का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी को उनकी विरासत से जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त बाबा केदार की नगरी को भव्य और दिव्य स्वरूप देने का कार्य प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास के साथ-साथ राज्य की संस्कृति का संरक्षण और उसका प्रसार करना है। जिस प्रकार केदारखंड में चार धामों का विकास किया गया है, उसी तर्ज पर मानसखंड में भी पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण और वहां बुनियादी ढांचे को विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा जी का कॉरिडोर और माँ शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का कार्य लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडी’ की स्थापना की गई है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, डीएम नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।(साभार सू वि)


