फाइव स्टार होटलों पर खाद्य विभाग का शिकंजा

Uttarakhand News

(देहरादून)10अगस्त,2026

खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से खिलवाड़ के खिलाफ धामी सरकार ने अब बड़े होटल प्रतिष्ठानों पर भी सख्ती शुरू कर दी है। सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने देहरादून-मसूरी रोड स्थित प्रमुख फाइव स्टार होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया।

अभियान के तहत Taj Hotel, Fairfield, JW Marriott, Hyatt Centric और Hyatt Regency सहित कई प्रतिष्ठानों के किचन, स्टोर और खाद्य सामग्री की जांच की गई। इस दौरान Hyatt Regency से मसालों तथा JW Marriott से तैयार दाल के नमूने जांच के लिए लिए गए। दोनों नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने होटल के किचन, स्टोर, खाद्य पदार्थों के भंडारण, कच्चे माल की गुणवत्ता, पैकेज्ड खाद्य सामग्री, साफ-सफाई एवं रखरखाव व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने होटल प्रबंधन एवं खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

जांच के दौरान विभाग की विशेष नजर एनालॉग पनीर और अन्य गैर-दुग्ध उत्पादों पर रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, लेबलिंग, स्रोत अथवा निर्धारित मानकों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Hyatt Regency के तीन उत्पादों के दस्तावेज तलब
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि Hyatt Regency के स्टोर में उपलब्ध गुलकंद, इंपोर्टेड ऑर्गेनो और सौंफ के पैक्ड उत्पादों के संबंध में संबंधित निर्माताओं से आवश्यक दस्तावेज एवं गुणवत्ता संबंधी जानकारी मांगी गई है। इसके लिए विभाग की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं और मामले में विभागीय कार्रवाई जारी है।

उन्होंने होटल प्रबंधन को खाद्य सामग्री की खरीद से लेकर उसके भंडारण और इस्तेमाल तक प्रत्येक स्तर पर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक और उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।

सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय ने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठान छोटा हो या बड़ा, सामान्य दुकान हो या फाइव स्टार होटल, खाद्य सुरक्षा के नियम सभी के लिए समान हैं। एनालॉग पनीर, गैर-दुग्ध उत्पादों अथवा मिलावटी एवं गैर-मानक खाद्य सामग्री के इस्तेमाल या बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, मिठाई की दुकानों सहित सभी खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित एवं औचक जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान केवल कुछ बड़े होटलों तक सीमित नहीं रहेगा। देहरादून सहित पूरे जिले में होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की औचक जांच एवं सैंपलिंग जारी रहेगी। प्रयोगशाला जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *