दिवाली बाद सताएगी सर्दी, रात का तापमान 10 डिग्री तक गिरने का अनुमान

Madhya prdesh

(भोपाल,म.प्र.)08 नवंबर 2026

मध्य प्रदेश में सर्दी ने धीरे-धीरे असर दिखाना शुरू कर दिया है। दोपहर में धूप के चलते अभी गर्मी महसूस हो रही है, मगर रात होते ही ठंडक बढ़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि दिवाली के बाद ठंड में और तेजी आएगी। अगले चार दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक और नीचे जा सकता है, जिसके चलते कई जिलों में रात का पारा 10 से 11 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस समय पूरे प्रदेश में मौसम बिल्कुल सूखा है और अगले चार दिनों तक आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं है, इसलिए दिवाली के त्योहार पर मौसम खुला रहेगा।

इंदौर सबसे ठंडा, भोपाल में भी ठंड बढ़ी

बीती रात प्रदेश में सबसे कम तापमान इंदौर में रिकॉर्ड हुआ, जहां पारा 12 डिग्री तक आ गया। शहडोल के कल्याणपुर और दमोह में 12.2 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 12.6 डिग्री, उमरिया में 12.7 डिग्री और भोपाल-पचमढ़ी में 12.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दिन के पारे में फिलहाल बड़ी गिरावट नहीं है। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान छिंदवाड़ा में 35.4 डिग्री रहा, जबकि अमरकंटक, पचमढ़ी, मलाजखंड, बैतूल, शिवपुरी और करौंदी में दिन का पारा 30 डिग्री से नीचे ही रहा।

15 नवंबर से ठंड का असर होगा तेज

पिछले 10 वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड तेजी से बढ़ती है। इस साल भी ऐसा ही होने की उम्मीद है। दूसरे सप्ताह से रातें और सर्द हो जाएंगी। ग्वालियर-चंबल अंचल में उत्तरी हवाओं के कारण ठंड का असर ज्यादा रहेगा। बता दें कि ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में पारा 3 डिग्री तक गिर चुका है।

महीने के आखिर में बारिश के आसार

नवंबर में बारिश पूरी तरह खत्म नहीं होती। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में इस महीने बारिश होती रही है। इस साल भी शुरू में बारिश का अलर्ट जारी हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार तीसरे और चौथे सप्ताह में कोई सिस्टम बना तो कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हालांकि अगले चार दिन मौसम साफ रहेगा। दिवाली तक आसमान खुला रहेगा और उसके बाद ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *