(लखनऊ,UP)08 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि विकास का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर घर में सुख, समृद्धि और सम्मान का दीप जले, यही दीपावली की सार्थकता है।
मुख्यमंत्री ने इसी अंत्योदय भाव के साथ आज गोरखपुर के जंगल तिनकोनिया में वनटांगिया समाज के लिए बड़ी सौगात दी। उन्होंने यहां 82 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किट भी वितरित की गईं।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वनटांगिया परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के सभी अवसर उपलब्ध कराने के लिए डबल इंजन सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वनटांगिया समाज वर्षों तक सुविधाओं से वंचित रहा, लेकिन अब सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महापर्व दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि यह प्रकाश पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और खुशहाली लेकर आए। (साभार एजेंसी)


