काॅमनवेल्थ गेम्स:प्रवीण ने रजत,सेल्वा ने जीता कांस्य पदक

National News

(नई दिल्ली)02अगस्त,2026.

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मेंस जैवलिन थ्रो के बाद मेंस ट्रिपल जंप में भी भारत ने दो मेडल अपने नाम किए। स्कॉट्सटाउन स्टेडियम में हुए फाइनल में नेशनल रिकॉर्ड होल्डर प्रवीण चित्रवेल ने 16.58 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि युवा एथलीट सेल्वा प्रभु थिरुमारन ने 16.52 मीटर की सीजन की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

प्रवीण ने हासिल किया लंबे समय से प्रतीक्षित पोडियम फिनिश:

बर्मिंघम 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में महज तीन सेंटीमीटर से मेडल से चूके प्रवीण ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम फिनिश हासिल किया। जमैका के जॉर्डन स्कॉट ने 16.72 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ गोल्ड मेडल जीता और प्रवीण से 14 सेंटीमीटर आगे रहे।

लगातार बेहतर करते गए प्रवीण:

प्रवीण ने प्रतियोगिता की शुरुआत 16.05 मीटर की छलांग से की। उनका दूसरा प्रयास 15.64 मीटर का रहा, जबकि तीसरे प्रयास में उन्होंने 16.31 मीटर तक सुधार किया। चौथे प्रयास में 16.58 मीटर की अपनी सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर उन्होंने सिल्वर मेडल की स्थिति मजबूत की। उनका पांचवां प्रयास 16.40 मीटर का रहा, जबकि अंतिम प्रयास फाउल रहा।

सेल्वा ने सीजन की सर्वश्रेष्ठ छलांग से जीता ब्रॉन्ज:

21 वर्षीय सेल्वा प्रभु ने भी प्रतियोगिता के दौरान लगातार सुधार किया। उन्होंने 15.87 मीटर से शुरुआत की और दूसरे प्रयास में 16.17 मीटर तक पहुंचे। तीसरे राउंड में उन्होंने 16.43 मीटर की छलांग लगाई। चौथे प्रयास में फाउल के बाद सेल्वा ने पांचवें राउंड में 16.52 मीटर की शानदार छलांग लगाकर ब्रॉन्ज मेडल पक्का किया। उनका अंतिम प्रयास 16.08 मीटर का रहा।

जैवलिन थ्रो में भी भारत ने जीते थे दो मेडल:

इससे पहले शुक्रवार देर रात भारतीय समयानुसार मेंस जैवलिन थ्रो में भी भारत ने दो मेडल हासिल किए थे। नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि यशवीर सिंह ने 85.41 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।

प्रवीण का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफर:

प्रवीण ने 2018 में खेलो इंडिया स्कूल गेम्स में गोल्ड और उसी साल यूथ ओलंपिक गेम्स में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया। एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में उन्होंने सिल्वर मेडल जीतने के साथ नेशनल इंडोर रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद 17.37 मीटर की छलांग के साथ भारतीय आउटडोर नेशनल रिकॉर्ड बेहतर किया और हांग्जो एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता।

सेल्वा की तेजी से बढ़ती कामयाबी:

मदुरै में जन्मे सेल्वा प्रभु ने 2022 वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। 2023 में वह एशियन एथलेटिक्स एसोसिएशन के ‘बेस्ट एशियन अंडर-20 मेल एथलीट ऑफ द ईयर’ चुने जाने वाले पहले भारतीय बने। इसी दौरान उन्होंने 16.79 मीटर की छलांग के साथ भारतीय अंडर-20 रिकॉर्ड भी तोड़ा।

17 मीटर का आंकड़ा भी पार कर चुके हैं सेल्वा:

इस साल की शुरुआत में सेल्वा ने 17.05 मीटर की अपनी पर्सनल बेस्ट छलांग के साथ 17 मीटर का अहम आंकड़ा पार किया था। अब कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल उनके तेजी से आगे बढ़ते अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और अहम उपलब्धि बन गया है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *