“खिलाड़ियों का एक मंच पर आना लघु भारत का दर्शन” -सीएम धामी

Uttarakhand News

(देहरादून )04नवंबर,2026.

गाजियाबाद में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन को खास बनाती है। हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से लेकर कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर इकट्ठा होना लघु भारत का दर्शन कराता है।

उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि विभिन्न भाषाओं, वेशभूषाओं और परिवेश से आए खिलाड़ियों को एक साथ देखकर अत्यंत खुशी हो रही है। खेल का मैदान सभी को एक सूत्र में जोड़ता है। यहां खिलाड़ी सिर्फ प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लेते, बल्कि एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को जानने-समझने का अवसर भी पाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का अहम कार्य कर रही है। साल 1952 में गोरखपुर में पहले सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई यह यात्रा आज देश के कोने-कोने तक पहुंच चुकी है। विद्या भारती की ओर से सीमांत, ग्रामीण, जनजातीय और वंचित क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयास काबिले-तारीफ हैं। उत्तराखण्ड में भी संस्था के स्कूल शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा के साथ शारीरिक विकास को भी विशेष महत्व दिया गया है। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’, यानी स्वस्थ शरीर ही जीवन के कर्तव्यों और लक्ष्यों की पूर्ति का आधार है।

मुख्यमंत्री ने पेरिस पैरालंपिक-2024 में रजत पदक जीतने वाले श्री निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, लगातार अभ्यास और कड़ी मेहनत से बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस समारोह में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर काम हो रहा है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी योजनाओं से युवाओं में खेलों और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है। सामान्य परिवारों की खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि दूर-दराज के क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिले और प्रदेश के युवा खेलों में सुनहरा भविष्य बना सकें।

उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्या भारती के पदाधिकारियों, आचार्यों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं की सराहना की।

इस अवसर पर श्री महेश गुप्ता, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री श्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री श्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग श्री मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल समेत संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *