(देहरादून)27मार्च,2026.
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के विकास के लिए केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि केंद्र के समर्थन से राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखण्ड आगमन का निमंत्रण देते हुए विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का प्रस्ताव रखा। प्रस्तावित लोकार्पण में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट शामिल हैं, जबकि पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना के शिलान्यास का भी प्रस्ताव रखा गया।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुम्भ-2027 के लिए ₹500 करोड़ की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना के अंतर्गत फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क स्थित चौरासी कुटिया के विकास के लिए ₹100 करोड़ की स्वीकृति सहित विभिन्न परियोजनाओं में केंद्र के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। इसके अलावा ऋषिकेश में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण, चम्पावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी रोड जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में पर्यटन और आर्थिक विकास को लेकर चल रही पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखण्ड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। चोपता, दुग्गलबिट्ठा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर जैसे क्षेत्रों में विशेष पहल की जा रही है, जबकि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण पहले से ही लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन बन चुके हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन के रूप में बेल केदार, अंजनीसैंण-टिहरी और लोहाघाट-श्यामलाताल क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। साथ ही आदि कैलाश यात्रा, साहसिक पर्यटन गतिविधियों और “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दिल्ली-Meerut RRTS परियोजना का विस्तार हरिद्वार और ऋषिकेश तक किए जाने का अनुरोध किया। साथ ही रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना, कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में डिफेंस इंडस्ट्रियल हब विकसित करने, रायवाला में बीआई-डक ब्रिज निर्माण तथा चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार के लिए भी केंद्र से सहयोग मांगा।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने, दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबलिंग और उत्तरकाशी को रेल नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में चल रही प्रमुख योजनाओं, सुधारों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी दी।
