राज्यपाल का पिथौरागढ़ दौरा

Uttarakhand News

(पिथौरागढ़)27मार्च,2026.

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह एक दिवसीय दौरे पर पिथौरागढ़ पहुंचे, जहां नैनी-सैनी हवाई अड्डे पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह एवं उपजिलाधिकारी जीतेन्द्र वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी उनका स्वागत किया।

हवाई अड्डे पर पुलिस विभाग द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके पश्चात राज्यपाल ने परिसर में लगे ग्राम्य विकास विभाग, पर्यटन विभाग, जिला उद्योग केंद्र तथा “हाउस ऑफ हिमालयाज” सहित विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार गतिविधियों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।

राज्यपाल ने उत्पादों की पैकेजिंग की सराहना करते हुए महिलाओं की आय में हो रही वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों एवं स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने सुझाव दिया कि डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग कर स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए।

दौरे के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उपस्थित बच्चों से संवाद कर उनकी आकांक्षाओं के बारे में जाना। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद राज्यपाल ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की और निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और आत्मनिर्भरता के लिए योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *