(देहरादून)16नवंबर,2026
उत्तराखंड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत आज 16 नवंबर 2026 से स्व-गणना अभियान शुरू हो गया है। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोकभवन में स्वयं स्व-गणना कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मुख्यमंत्री आवास में परिवार सहित डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की। इसके अलावा जनगणना मंत्री श्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी और कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने भी स्व-गणना कर जनगणना कार्य में सहभागिता की।
आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव द्वारा LED प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर संयुक्त निदेशक श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक श्री परवीन कुमार, उप निदेशक श्री आर.के. बनवारी और सहायक निदेशक श्री संजीव कुमार मौजूद रहे।
प्रदेश में यह स्व-गणना सुविधा 16 से 30 नवंबर 2026 तक कुल 15 दिन तक उपलब्ध रहेगी। प्रदेशवासी आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी घर बैठे भर सकते हैं।
अपील की गई है कि स्व-गणना के बाद मिलने वाली विशिष्ट SE ID को सुरक्षित रखें और 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 के बीच प्रगणक के घर आने पर उन्हें जरूर दिखाएं, ताकि ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन हो सके। जो परिवार इस अवधि में स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनका विवरण प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया से दर्ज किया जाएगा।(साभार सू वि)


