शिक्षकों के स्थानांतरण व प्रमोशन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश

Uttarakhand News

(देहरादून)27मार्च,2026

उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग में शिक्षकों के वार्षिक स्थानांतरण और पदोन्नति प्रक्रियाओं को तेज करने के निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि वार्षिक स्थानांतरण और प्रमोशन शिक्षकों का मौलिक अधिकार है और राज्य सरकार इसको लेकर गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानांतरण प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जाए, ताकि पात्र शिक्षक निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर सकें और पारदर्शी व्यवस्था के तहत इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

डॉ. रावत ने बताया कि इस विषय पर वित्त एवं कार्मिक विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अनुरोध श्रेणी के स्थानांतरणों को प्राथमिकता देने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर जोर दिया गया।

विद्यालयों के कोटीकरण से जुड़े मामलों पर उच्च न्यायालय में दायर याचिका में तथ्यों के साथ प्रभावी पैरवी करने के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो विशेष अपील भी दायर की जाएगी, ताकि स्थानांतरण प्रक्रिया निर्धारित समयावधि से पहले पूरी हो सके।

मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार शिक्षकों के प्रमोशन को लेकर प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रमोशन से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिक्षकों को समय पर लाभ मिल सके।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *