(लखनऊ,UP)16नवंबर,2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ आज लोक भवन सभागार, लखनऊ में विश्व के सबसे बड़े और भारत के पहले डिजिटल जनगणना अभियान ‘जनगणना-2027’ के द्वितीय चरण के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस चरण के अंतर्गत प्रदेश में स्व-गणना और घर-घर जाकर जनगणना की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से शुरू किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 देश और प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह केवल आबादी की गिनती नहीं, बल्कि देश की सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक स्थिति का सबसे प्रामाणिक दस्तावेज है। इससे प्राप्त होने वाले सटीक आंकड़े उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए ठोस, व्यावहारिक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल माध्यम से हो रही यह पहली जनगणना पारदर्शिता और शुद्धता का नया मानक स्थापित करेगी। स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे, जबकि घर-घर जनगणना से कोई भी व्यक्ति छूटेगा नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य पूरी संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों से ही गरीब कल्याण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं को सही दिशा मिलेगी। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा। सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों का सहयोग करें और सही जानकारी प्रदान करें।(साभार सोशल मीडिया)


