(लखनऊ,UP)16नवंबर,2026
उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेशवासियों के साथ आत्मीय संवाद की अनूठी यात्रा के 50 सप्ताह पूरे होने के स्वर्णिम अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने संवाद यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद, विश्वास और आत्मीय रिश्ते का दस्तावेज है। पिछले 50 सप्ताह से यह पाती प्रदेश के हर वर्ग तक पहुंचकर उनकी भावनाओं, आकांक्षाओं और सुझावों को सरकार से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनी है।
उन्होंने कहा कि इस पाती के माध्यम से हमने समाज के हर महत्वपूर्ण वर्ग को स्पर्श करने का प्रयास किया है। इसमें युवाओं के सपनों, नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण, अन्नदाता किसानों की मेहनत और श्रमिकों के पसीने को प्रमुखता दी गई है। इसका उद्देश्य व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को यह एहसास दिलाना है कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी भागीदारी से ही प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने ‘योगी की पाती’ को जन-जन तक पहुंचाने और प्रमुखता से स्थान देने के लिए सभी समाचार पत्रों, डिजिटल न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से यह संवाद यात्रा और अधिक प्रभावी बनी है। समारोह में वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।(साभार सोशल मीडिया)


