नालंदा में छठ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम,40 घाट अतिसंवेदनशील

Bihar

(नालंदा,बिहार) 14नवंबर,2026

लोक आस्था के पर्व छठ को लेकर नालंदा जिला प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। घाटों पर जुटने वाली हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात और जल सुरक्षा पर विशेष फोकस किया गया है। जिले भर में 450 से ज्यादा चिह्नित जगहों पर तीन पालियों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल की तैनाती की गई है। इनमें 40 स्थानों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखकर विशेष चौकसी के आदेश दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा जारी संयुक्त आदेश के अनुसार प्रमुख घाटों पर 16 नवंबर तक सुरक्षा व्यवस्था बनी रहेगी। जल में डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए एसडीआरएफ की टीम, स्थानीय गोताखोर और आपदा मित्र लगातार गश्त करेंगे। जिला स्तर पर बिहारशरीफ नगर निगम परिसर के आईसीसी भवन में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं हिलसा और राजगीर अनुमंडल कार्यालयों में भी कंट्रोल रूम काम करेंगे।

सबसे अधिक भीड़ वाले पांच घाटों – एकंगरसराय के औंगारी धाम, हिलसा सूर्य मंदिर तालाब, सिलाव के बड़गांव सूर्य मंदिर, रहुई के मोरा तालाब और बिहारशरीफ के कोसुक घाट पर एसडीआरएफ के चार जवान मोटरबोट के साथ तैनात रहेंगे। प्रशासन ने बताया कि पंचाने नदी और मोरा तालाब में जलस्तर ज्यादा है, इसलिए वहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

उधर, बड़गांव धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बिहारशरीफ-राजगीर मार्ग पर कुंडलपुर के पास सांस्कृतिक गांव की जमीन पर पार्किंग बनेगी। बेगमपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। आरबी उच्च विद्यालय और ह्वेनसांग मेमोरियल मोड़ पर बैरिकेडिंग कर जांच के बाद ही लोगों को आगे जाने दिया जाएगा। (साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *