(चंडीगढ़,पंजाब)14नवंबर,2026
पंजाब के युवाओं को अब अपने ज्ञान और तैयारी के दम पर करोड़पति बनने का शानदार अवसर मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसके लिए ‘पंजाब दा करोड़पति’ पोर्टल लॉन्च किया है। इस योजना में 15 से 30 साल की उम्र के युवा भाग ले सकते हैं। योजना के तहत विजेता प्रतिभागी को 1 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा, जबकि चार रनर-अप को भी 10-10 लाख रुपये की राशि पुरस्कार के रूप में मिलेगी।
कौन ले सकता है भाग?
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वर्चुअल घोषणा में बताया कि 15 से 30 साल के युवा इस योजना के लिए पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद प्रतियोगिता के अलग-अलग राउंड ऑनलाइन करवाए जाएंगे, जिसमें सवालों के जवाब देने होंगे। इसके बाद की प्रक्रिया में पंजाब से जुड़े विषयों पर आधारित फिजिकल परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
पंजाब के इतिहास-भूगोल से पूछे जाएंगे प्रश्न
इस प्रतियोगिता में पंजाब के इतिहास, भूगोल सहित अन्य अहम विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रश्नों का स्तर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले सवालों के बराबर होगा। इसलिए इसमें हिस्सा लेने वाले युवाओं को अपनी सामान्य जानकारी के साथ-साथ पढ़ाई और तैयारी पर भी पूरा ध्यान देना होगा।
KBC के फॉर्मेट पर होगी प्रतियोगिता
भगवंत मान ने कहा कि ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता को लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य मकसद युवाओं को ज्ञान बढ़ाने और पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के विजेता को एक करोड़ रुपये और चार अन्य प्रतिभागियों को 10-10 लाख रुपये का इनाम मिलेगा।(साभार सोशल मीडिया


