अगले 5 दिन झमाझम बारिश के आसार

National News

(नई दिल्ली)16जून,2026

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के विभिन्न हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि मानसून की उत्तरी सीमा इस समय हरनई, सोलापुर, हैदराबाद, रांची और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। विभाग के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में मौसम में बदलाव देखा जाएगा।जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 से 21 जून के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 जून को पश्चिमी राजस्थान में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी और थंडरस्क्वाल (तेज हवा के झोंके) चल सकते हैं।

मध्य भारत के राज्यों जैसे छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी 16 से 21 जून के दौरान छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में ‘भारी बारिश’ की चेतावनी
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 16 और 17 जून को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 से 21 जून के बीच ‘भारी से बहुत भारी’ वर्षा होने का अनुमान है। बिहार और झारखंड में भी 16 से 19 जून के दौरान गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में खराब मौसम और 45 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को 16 से 20 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है। भारी बारिश और आंधी के मद्देनजर विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, यातायात दिशा-निर्देशों का पालन करें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित इमारतों में शरण लें(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *