राज्यपाल ने किए बद्रीनाथ धाम के दर्शन

Uttarakhand News

(चमोली)09मई,2026

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से. नि.)गुरमीत सिंह ने शनिवार को भू-वैकुण्ठ श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बद्री विशाल के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बद्रीनाथ धाम पहुंचने पर हेलीपैड पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया गया। इस अवसर पर पुलिस जवानों ने सेरिमोनियल यूनिफॉर्म में सलामी दी। राज्यपाल ने जवानों के उत्कृष्ट टर्नआउट और शस्त्र कवायद की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

दर्शन के पश्चात राज्यपाल ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

राज्यपाल ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और संबंधित विभागों के समर्पण से धाम की व्यवस्थाओं में लगातार गुणात्मक सुधार हो रहा है।
राज्यपाल ने चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन को लेकर होटल एसोसिएशन, व्यापार संघ और टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि बद्रीनाथ धाम आने पर स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प उत्पाद अवश्य खरीदें, जिससे मातृशक्ति को स्वरोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।

राज्यपाल ने मंदिर में लगभग दो मिनट तक पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि भगवान तक पहुंचने का माध्यम लंबी पूजा नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा और भाव है। उन्होंने कहा कि ‘बद्री विशाल’ का स्वरूप हमें विशालता, समर्पण और मानवता का संदेश देता है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

उन्होंने थानाध्यक्ष बद्रीनाथ नवनीत भंडारी की यात्रा संचालन में समर्पण, तत्परता और सेवा भाव की विशेष सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि पुलिस अधिकारियों का कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार श्रद्धालुओं के अनुभव को सुरक्षित और सुखद बनाता है।

इस दौरान ऋषि प्रसाद सती, सोहन सिंह रांगड़, सुनील पुरोहित सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बद्रीनाथ धाम कार्यक्रम के बाद राज्यपाल औली पहुंचे, जहां असम रेजिमेंट और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस द्वारा आयोजित संयुक्त कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। इस अवसर पर थराली आपदा और माणा हिमस्खलन के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जवानों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम कर्णप्रयाग अल्केश नौडियाल एवं पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *