(देहरादून)08मई,2026
केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की में “सेंटर फॉर रेगुलेटरी अफेयर्स” का उद्घाटन किया। यह केंद्र फोरम ऑफ रेगुलेटर्स और आईआईटी रुड़की की संयुक्त पहल के तहत स्थापित किया गया है।
फोरम ऑफ रेगुलेटर्स भारत का एक वैधानिक निकाय है, जो केंद्रीय एवं राज्य विद्युत नियामकों को एक मंच पर लाकर विद्युत क्षेत्र में नियामकीय प्रक्रियाओं के समन्वय, सामंजस्य और सुदृढ़ीकरण का कार्य करता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह आईआईटी के सहयोग से स्थापित किया जाने वाला दूसरा ऐसा केंद्र है। इससे पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली, केंद्रीय विद्युत विनियामक आयोग और ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड� के सहयोग से एक समान सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की गई थी।
उन्होंने कहा कि सेंटर फॉर रेगुलेटरी अफेयर्स को नियामकीय अनुसंधान, क्षमता निर्माण, परामर्श सहयोग और ज्ञान प्रसार के लिए राष्ट्रीय स्तर के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यह केंद्र विद्युत क्षेत्र के नियामकीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस केंद्र के माध्यम से अग्रणी संस्थानों के साथ सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार और ऊर्जा योजना एवं विनियमन से जुड़े उच्च शिक्षा कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे विद्युत क्षेत्र के लिए कुशल पेशेवरों की नई पीढ़ी तैयार हो सके।
इस अवसर पर जिष्णु बरुआ तथा प्रो. के.के. पंत ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस पहल को देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
