(उत्तरकाशी)07अप्रैल,2025.
गंगोत्री सहित यमुनोत्री धाम और यात्रा पड़ावों पर होटल और व्यापारियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। गंगोत्री धाम में करीब 20 से 30 प्रतिशत होटल और दुकानें खुल चुके हैं। वहीं कुछ में रंगरोगन और मरम्मतीकरण आदि का कार्य किया जा रहा है। वहीं यमुनोत्री धाम में भी मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से सुधारीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।
चारधाम यात्रा का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 25 दिन बाद 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा का आगाज हो जाएगा। यात्रा की तैयारियों के लिए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में होटल, ढाबा व्यवसायी और व्यापारी पहुंचने लगे हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के होटल व्यवसायी खुशहाल सिंह नेगी ने बताया कि गंगोत्री धाम में करीब 20 प्रतिशत होटल और ढाबों का संचालन शुरू हो गया है।
वहीं दुकानें भी खुलने लगी है। साथ ही अन्य होटलों दुकानों में रंगरोगन सहित मरम्मतीकरण का कार्य शुरू हो गया है। हालांकि अभी वहां पर यात्रियों को रात्रि में नहीं रुकवाया जा रहा है। क्योंकि अभी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो पाई है, लेकिन दिन में पहुंचने वाले यात्रियों को वहां पर सभी सुविधाएं मिल रही है(साभार एजेंसी)