चली सरयू-कमला एक्सप्रेस, पीएम मोदी और नेपाल पीएम ने हरी झंडी दिखाई

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)23नवंबर,2026

भारत-नेपाल के सांस्कृतिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री श्री बालेन्द्र शाह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अयोध्या धाम से सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ट्रेन केवल एक रेल सेवा नहीं है, बल्कि दो देशों, दो संस्कृतियों और दो पावन धामों को जोड़ने वाला सेतु है। उन्होंने कहा कि माँ सरयू की धारा से अभिसिंचित श्री अयोध्या धाम और माँ कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की पावन भूमि जनकपुर को जोड़ने वाली यह ट्रेन ‘विरासत और विकास’ के अद्भुत संगम का प्रतीक बनेगी।

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली है। इन दोनों तीर्थस्थलों का जुड़ना भारत-नेपाल की साझी सांस्कृतिक विरासत और प्रगाढ़ मैत्री को और मजबूत करेगा। यह ट्रेन दोनों देशों के श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों के लिए यात्रा को सुगम बनाएगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक व सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने दो तीर्थस्थलों को भारतीय रेल के माध्यम से जोड़ने की इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन किया। उन्होंने भारत एवं नेपाल के सभी श्रद्धालुओं व नागरिकों को हृदय से बधाई दी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की संस्कृति, विरासत और विकास को एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। सरयू-कमला एक्सप्रेस उसी सोच का जीवंत उदाहरण है। यह ट्रेन आने वाले समय में राम-जानकी के संबंधों को और प्रगाढ़ करेगी तथा दोनों देशों के बीच भाईचारे को नई ऊंचाई देगी।(साभार सोशल मीडिया)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *