(लखनऊ,UP)20नवंबर,2026
उत्तर प्रदेश में शनिवार से माैसम बदलने वाला है। माैसम विभाग का कहना है कि 21 नवंबर से प्रदेश में हवा का रुख पुरवा हो जाएगा। साथ ही 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज और मिर्जापुर के साथ सोनभद्र, चंदौली और गाजीपुर में बारिश के आसार हैं। इस जिलों में पुरवा हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, चक्रवात और पुरवा हवाओं के असर से 20 से 22 नवंबर के बीच रात के तापमान में तीन डिग्री और दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
बृहस्पतिवार को सुबह घने कोहरे के असर से बलिया में दृश्यता 30 मीटर और आजमगढ़ में 80 मीटर तक सिमट गई।बृहस्पतिवार को 24.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मुरादाबाद में सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं 9.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर में सबसे ठंडी रात रही।(साभार एजेंसी)


