चंपावत में सार्वजनिक स्थलों से लेकर गांव तक ‘आशीर्वाद के दीये’

Uttarakhand News

(चंपावत)17सितंबर,2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद चम्पावत में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थानों तथा प्रशासनिक कार्यालयों में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए दीप प्रज्ज्वलित किए और सेवा, सामाजिक सहभागिता एवं जनकल्याण का संकल्प लिया।

सेवा संकल्प अभियान के क्रम में गोल्ज्यू मंदिर, गोरलचौड़ चम्पावत में भी “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और सामूहिक सहभागिता की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

जनपद में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी और सेवा-भाव से जोड़ा गया। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरों तक लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए यह संदेश दिया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग, सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्राम पंचायतों में भी स्थानीय लोगों की सहभागिता से सेवा संकल्प दिवस मनाया गया तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों शारदा घाट, मां पूर्णागिरि मंदिर, श्यामलाताल, टी-गार्डन, घटकू हिडिम्बा मंदिर, गोल्ज्यू मंदिर, डिप्टेश्वर मंदिर, मानेश्वर मंदिर, कोलीढेक झील, एबट माउंट, पंचेश्वर, देवीधुरा मंदिर एवं नागार्जुन पार्क सहित अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता ने अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, स्वच्छता बनाए रखने, जरूरतमंद लोगों की सहायता करने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। प्रशासनिक कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक एक माह चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान जनपदभर में सेवा, स्वच्छता, पोषण, जनसहभागिता, नवाचार एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ ही धार्मिक, पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों को भी शामिल करते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जनपद चम्पावत में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्वरूप दिया। अभियान के माध्यम से “जनसहभागिता से जनसेवा” की भावना को आगे बढ़ाते हुए आने वाले एक माह तक विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से सेवा एवं जनकल्याण की गतिविधियां निरंतर संचालित की जाएंगी।

गोल्ज्यू देवता मंदिर परिसर में इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार,दर्जा प्राप्त मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय,दर्जा प्राप्त मंत्री श्री मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री मती प्रेमा पाण्डेय, निदेशक केएमवीएन श्री रोहित बिष्ट,सीडीओ श्री अजय सिंह,एपीडी सुश्री विम्मी जोशी,जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट सहित स्थानीय लोगो ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *