दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

National News

(नई दिल्ली)24जून,2026

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मॉनसून की रफ्तार और बढ़ेगी, जिससे कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।

दिल्ली में 26 जून से बदलेगा मौसम:
भीषण गर्मी से जूझ रही दिल्ली-एनसीआर के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 जून को राजधानी में बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट:
IMD के अनुसार महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

उत्तर भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश:
24 से 29 जून के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 से 26 जून तथा 29 जून को बारिश की संभावना। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 24 और 29 जून को बारिश के आसार। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 और 29 जून को अच्छी बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर:
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 29 जून तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 24 से 28 जून तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। 29 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा का अनुमान है। उत्तराखंड में 24 से 28 जून तक हल्की से मध्यम बारिश और 29 जून को कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। 24 और 25 जून को उत्तराखंड में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

बिहार, झारखंड और ओडिशा में बढ़ेगी बारिश
बिहार में 25 से 29 जून के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है। 25 और 26 जून को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 28 जून को कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। ओडिशा में 24 और 28-29 जून को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी वर्षा
अरुणाचल प्रदेश,असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 24 से 29 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। असम और मेघालय के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गोवा में 24 से 29 जून तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 25 और 26 जून को अच्छी बारिश के आसार है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *