(नई दिल्ली)13जून,2026.
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं, केरल सहित दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कई राज्यों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट:
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी करते हुए आंधी, बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी:
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने आंधी-तूफान, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, एटा और मैनपुरी सहित कई जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कुछ इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
बिहार और झारखंड में भारी बारिश के आसार:
बिहार और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने पटना, भागलपुर और खगड़िया सहित कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, झारखंड के रांची, देवघर और जमशेदपुर समेत कई जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में मौसम लेगा यू-टर्न:
मध्य प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आईएमडी के अनुसार, दतिया, भिंड सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 18 जून के आसपास प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून दस्तक दे सकता है।
राजस्थान में धूल भरी आंधी का अनुमान:
राजस्थान के कई हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, राज्य के पश्चिमी जिलों में धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में आंधी और बारिश के आसार हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला और सोलन जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में जारी रहेगा बारिश का दौर:
मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है। लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
केरल में बहुत भारी बारिश की चेतावनी:
दक्षिण भारत के राज्यों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। खासतौर पर केरल में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।(साभार एजेंसी)
