जौनसार-बावर महोत्सव में सीएम धामी ने की घोषणाएं

Uttarakhand News

(देहरादून)08जून,2026.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नागथात स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केदार सिंह स्टेडियम में आयोजित जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग करते हुए क्षेत्र के लिए अनेक विकास योजनाओं की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने समरजेंस मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने, यमुना नदी पर 60 मीटर स्पान पुल निर्माण, विभिन्न ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण, पेयजल योजनाओं और क्षेत्रीय सड़क संपर्क को मजबूत करने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा कि जौनसार बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति पिछले 33 वर्षों से क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य कर रही है।

जौनसार-बावर अपनी प्राकृतिक सुंदरता,समृद्ध लोक संस्कृति, मेहनतकश और स्वाभिमानी जनता के लिए पूरे प्रदेश में विशेष पहचान रखता है। यहां की लोक परंपराएं, हारूल और रासो जैसी सांस्कृतिक विधाएं आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा और विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं तथा प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत 128 जनजातीय गांवों का चयन कर वहां मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि बाजपुर और चकराता में नए विद्यालयों का निर्माण भी जारी है। इसके अलावा जनजातीय छात्र-छात्राओं को विभिन्न स्तरों पर छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चकराता क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत 56 योजनाओं में से 51 पूर्ण हो चुकी हैं। क्षेत्र की सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए 1300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग 707 और 707A के चौड़ीकरण, न्यू चकराता टाउनशिप पेयजल योजना तथा महासू देवता मंदिर के 120 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुन्ना सिंह चौहान,मधु चौहान,गीता राम गौड़ सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि,मेला समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *